मानक महोत्सव-2026 में गुणवत्ता और मानकीकरण पर मंथन
बीआईएस ने उद्योगों, एमएसएमई और ज्वेलर्स को प्रमाणन व मानकों की दी जानकारी, उत्कृष्ट इकाइयां सम्मानित
हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से विश्व मानक दिवस-2026 के अवसर पर काला अंब स्थित ब्लैक मैंगो रिजॉर्ट में ‘मानक महोत्सव-2026’ के तहत हितधारक सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन में उद्योगों, एमएसएमई, बीआईएस लाइसेंसधारी एवं गैर-लाइसेंसधारी इकाइयों, ज्वेलर्स, उद्योग संघों तथा मानक क्लबों के विद्यार्थियों और मेंटर्स ने भाग लिया।सम्मेलन का उद्देश्य भारतीय मानकों, बीआईएस प्रमाणन, परीक्षण आवश्यकताओं, गुणवत्ता सुधार और मानकीकरण के महत्व को लेकर उद्योग जगत सहित विभिन्न हितधारकों को जागरूक करना रहा।
इस दौरान उद्योग प्रतिनिधियों को बीआईएस की विभिन्न पहलों तथा गुणवत्ता मानकों के प्रभावी अनुपालन से जुड़ी जानकारी दी गई।बीआईएस देहरादून शाखा के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने बीआईएस की विभिन्न पहलों, इन-हाउस टेस्टिंग सुविधाओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही छूट तथा थर्ड पार्टी सर्विलांस से संबंधित प्रावधानों और प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी।वहीं,
बीआईएस देहरादून के निदेशक हेमंत बी. आड़े के मार्गदर्शन में संयुक्त निदेशक पीयूष प्रकाश ने बीआईएस एवं बीआईएस अधिनियम पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने एमएसएमई क्षेत्र के लिए मार्किंग फीस में रियायत सहित बीआईएस की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न सहायता उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने उद्योगों से भारतीय मानकों का पालन करते हुए गुणवत्ता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट अनुरूपता प्रदर्शन करने वाले बीआईएस लाइसेंसधारी उद्योगों तथा मानक क्लबों के मेंटर्स को सम्मानित किया गया। इसके अलावा ज्वेलर्स और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ गुणवत्ता, मानकों के अनुपालन तथा भविष्य में उभरने वाली मानकीकरण संबंधी आवश्यकताओं को लेकर संवाद भी किया गया।
मानक संवर्धन अधिकारी सरिता त्रिपाठी ने बताया कि सम्मेलन में शामिल हितधारकों ने बीआईएस की विभिन्न पहलों और प्रमाणन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी को उपयोगी बताया। उन्होंने गुणवत्ता आधारित उत्पादन और भारतीय मानकों के प्रभावी अनुपालन की दिशा में सहयोग जारी रखने की बात कही।