एडवाइजरी / ऊना में सर्दियों के दौरान हीटर और अंगीठी के सुरक्षित उपयोग को लेकर प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

ठंड के मौसम में आग और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्यालयों, भवनों और आवासीय परिसरों में हीटर व अंगीठी के सुरक्षित उपयोग की अपील की है। लापरवाही से गंभीर हादसे हो सकते हैं, जिन्हें सावधानी से रोका जा सकता है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

हीटर और अंगीठी के असावधान उपयोग से बढ़ता है खतरा
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष जतिन लाल ने बताया कि सर्दियों में हीटर, केरोसिन हीटर और कोयले की अंगीठी का असुरक्षित उपयोग आग लगने और अन्य गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। उन्होंने जिलावासियों से इन उपकरणों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील की है।

शॉर्ट सर्किट और ओवरलोडिंग से रहती है आग की आशंका
उपायुक्त ने कहा कि सर्दी के मौसम में सरकारी व निजी कार्यालयों और आवासीय भवनों में शॉर्ट सर्किट, ओवरलोडिंग, ओवरहीटिंग, घटिया विद्युत उपकरण और गलत वायरिंग के कारण आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। समय रहते सावधानियां अपनाकर ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।

हर कार्यालय में जिम्मेदार कर्मचारी नामित करने के निर्देश
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यालय में एक जिम्मेदार कर्मचारी नामित किया जाए, जो कार्यालय समय समाप्त होने के बाद यह सुनिश्चित करे कि सभी विद्युत और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद कर दिए गए हों। साथ ही उपकरणों और वायरिंग की नियमित जांच कराना अनिवार्य किया जाए।

आग लगने पर तुरंत दें सूचना
आग लगने की स्थिति में बिना देरी किए अग्निशमन सेवा के आपातकालीन नंबर 101 या 1077 पर सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। उपरांत यह मानकर न बैठें कि किसी अन्य ने सूचना दे दी होगी, क्योंकि समय पर दी गई जानकारी से जान-माल का नुकसान कम किया जा सकता है।

अग्नि सुरक्षा ऑडिट और उपकरणों की जांच जरूरी
उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि अपने कार्यालयों और भवनों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा अग्निशमन विभाग या अधिकृत एजेंसी से नियमित निरीक्षण और अग्नि सुरक्षा ऑडिट करवाएं।

उचित वेंटिलेशन पर विशेष जोर
उन्होंने कहा कि सर्दियों में हीटर, केरोसिन हीटर और अंगीठी के उपयोग के दौरान कमरों में उचित वेंटिलेशन की व्यवस्था अनिवार्य है, ताकि गैसों का सुरक्षित निकास हो सके और किसी भी दुर्घटना की संभावना न बने।

सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील
उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की कि इन दिशा-निर्देशों का स्वयं पालन करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।