Loading...

एनएच-707 पर फेज-तीन में कार्यरत कंपनी के खिलाफ नारेबाजी, कामगारों ने खोला मोर्चा

Ankita • 3 Jun 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिलाई

जिला सिरमौर के उपमंडल शिलाई में एनएच-707 फेज तीन में कार्यरत रुदनव इंफा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कामगारों ने कंपनी कार्यालय के सामने अपनी मांगों के समर्थन में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कामगारों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ खूब नारेबाजी की।

शिलाई उपमंडल कामगार यूनियन ने बीते दिन सहायक आयुक्त केंद्रीय श्रम विभाग चंडीगढ़, श्रम प्रवर्तन अधिकारी शिमला, प्रोजेक्ट डायरेक्टर मोरथ, एसडीएम को लिखे एक पत्र में आरोप लगाते हुए कहा कि एनएच-707 पैकेज तीन में कार्यरत कंपनी लगातार कामगारों का शोषण कर रही है। साथ ही कामगारों से पक्षपात किया जा रहा है।

आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने बिना किसी कारण छह कामगारों की सेवाएं समाप्त करने के मौखिक आदेश दिए। लिहाजा, कामगारों ने कंपनी के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। इसके बाद शुक्रवार को सभी 68 कामगार हड़ताल पर चले गए। हड़ताल में बैठे कामगारों सुंदर सिंह बारू राम, राहुल, विवेक, नीरज सुनील, देशराज, प्रियांशु, रोहित व बहादुर सिंह ने बताया कि कंपनी ने कामगार यूनियन के पदाधिकारियों की ही सेवाएं समाप्त की हैं।

जब तक कंपनी निकाले गए ट्रक चालकों को वापस नहीं रखती, हड़ताल जारी रहेगी। एनएच-707 पैकेज तीन के कामगारों की ओर से 9 अप्रैल को 5 सूत्रीय मांग पत्र दिया गया था, लेकिन प्रबंधन ने उस पर कोई ध्यान न देते हुए उसे अभी तक लंबित रखा है।

कंपनी प्रबंधन द्वारा लगातार श्रम कानूनों की अवहेलना की जा रही है, जो गैर कानूनी हैं। ये कामगारों का शोषण है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि कंपनी का कार्य समाप्त हो रहा है। जिनको कंपनी ने बाहर का रास्ता दिखाया है, उन्हें एक माह का अतिरिक्त वेतन भी दे दिया है।