Loading...

एनएसयूआई को जल्द मिलेगा नया प्रदेशाध्यक्ष, ये पांच नाम भेजे दिल्ली….

Ankita 23 Jul 2024 Edited 23 Jul 1 min read

HNN/ नाहन

छात्र संगठन एनएसयूआई हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष पद की दौड़ शुरू हो चुकी है। हाईकमान द्वारा संगठन में पिछले लंबे समय से कार्य कर रहे छात्र नेताओं के कुल पांच नाम पैनल में दिल्ली भेजे गए हैं, जिनके पिछले कल दिल्ली में साक्षात्कार भी हो चुके है।

हिमाचल प्रदेश एनएसयूआई के महासचिव प्रवीण मिन्हास (चंबा), यासीन भट्ट (चंबा), टोनी ठाकुर (हमीरपुर), सोलन एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष तुषार स्तान (शिमला) और एनएसयूआई के सिरमौर अध्यक्ष विपुल शर्मा (सिरमौर) का नाम प्रदेश अध्यक्ष के लिए दिल्ली हाईकमान को सौंपा गया है। जल्द ही आधिकारिक रूप से हाईकमान की ओर से प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा।

बता दें कि एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष का दो साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। मौजूदा समय में छत्र सिंह ठाकुर एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष हैं। यहां ये भी बताना जरूरी है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित उनके मंत्रिमंडल में शामिल दर्जा प्राप्त भी एनएसयूआई से ही निकलकर आए हैं। लंंबे समय से जिला सिरमौर एनएसयूआई की प्रदेश कमान से अछूता रहा है।

विपुल शर्मा का नाम मौजूदा समय में चर्चा में चल रहा है, जो अभी जिला अध्यक्ष की कमान संभाले हुए है। वह पूर्व में रही भाजपा सरकार के समय काफी सक्रिय भी रहे। यहां तक कि उन्होंने पूर्व सरकार और केंद्र की नीतियों के खिलाफ सड़कों पर कई धरने प्रदर्शन भी दर्ज किए। विपुल शर्मा जिला के शिलाई विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सहित विधायक अजय सोलंकी के भी काफी नजदीक हैं।

ऐसा भी नहीं कि शिमला, चंबा और हमीरपुर जिला से जिनके नाम चर्चा में आए हैं, उनकी भी संगठन के प्रति सक्रियता कम नहीं आंकी जा सकती, बल्कि अपने-अपने क्षेत्र में जिला व प्रदेश स्तर पर भी इन्होंने यूथ को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब देखना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर युवा शक्ति के दम पर फिर से मिशन रिपीट करने को लेकर इस बार का यूथ प्रतिनिधित्व किसके नाम जाएगा।