Loading...

एनएसयूआई ने नाहन कॉलेज में सौम्यश्री के लिए न्याय की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

Shailesh Saini • 16 Jul 2025 • 1 Min Read

ओडिशा छात्रा यौन उत्पीड़न मामले में ‘बेटी बचाओ’ के नारों पर उठे गंभीर सवाल, भाजपा सरकार पर सीधा हमला

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) सिरमौर इकाई के कार्यकर्ताओं ने आज नाहन महाविद्यालय में ओडिशा की दिवंगत छात्रा सौम्यश्री के लिए न्याय की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

यह प्रदर्शन ओडिशा के बालासोर जिले के एक कॉलेज में हुई उस दर्दनाक घटना के विरोध में था, जहां कथित तौर पर कॉलेज के एचओडी द्वारा यौन उत्पीड़न और धमकी के बाद एक छात्रा ने अपनी जान दे दी।जानकारी के अनुसार, बालासोर के एक कॉलेज में पढ़ने वाली सौम्यश्री को कॉलेज के एचओडी समीर साहू द्वारा कथित तौर पर यौन संबंध बनाने के लिए परेशान किया जा रहा था।

आरोप है कि एचओडी ने उसे परीक्षा में फेल करने की भी धमकी दी थी। 1 जुलाई, 2025 को छात्रा ने अपनी शिकायत कॉलेज के प्रिंसिपल को बताई, लेकिन हैरानी की बात यह है कि उसे चुप रहने के लिए कहा गया। इस निराशाजनक स्थिति के बाद, 12 जुलाई को सौम्यश्री ने कॉलेज परिसर में खुद को आग लगा ली थी।

इसके बाद उसे एम्स में भर्ती कराया गया, लेकिन शरीर 95% जल जाने के कारण 14 जुलाई की रात को उसकी मृत्यु हो गई थी।इस मामले को लेकर वरिष्ठ एनएसयूआई कार्यकर्ता अतुल चौहान ने बुधवार को ओडिशा की भाजपा सरकार और प्रशासन पर सीधा हमला बोला।

उन्होंने तल्ख लहजे में कहा, “हमारी बहन ओडिशा की भाजपा सरकार और प्रशासन से हार गई, जिसने 10 दिन पहले अपनी शिकायत कॉलेज प्रिंसिपल को बताई थी।” चौहान ने भाजपा के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ नारे की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह नारा पूरे देश में, खासकर भाजपा शासित राज्यों में कहीं भी सफल हुआ है।

उन्होंने दिल्ली से लेकर मणिपुर तक महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचारों पर गहरी चिंता व्यक्त की। छात्रों को संबोधित करते हुए अतुल चौहान ने ओडिशा में महिलाओं के उत्पीड़न के भयावह आंकड़ों का भी हवाला दिया।

उन्होंने बताया कि 2021 में लगभग दो हजार महिलाओं के साथ उत्पीड़न हुआ था और ओडिशा इस मामले में देश में पांचवें स्थान पर था। एनएसयूआई ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि सौम्यश्री और उनके परिवार को जल्द न्याय नहीं मिलता है, तो वे एक बड़ा आंदोलन छेड़ने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व सचिव रजनीश चौहान, सचिव करण चौहान, बॉबी, निशांत, सुमित, रिक्की, मनीष, मावी, कीटू, गायत्री, जानवी, अंकित, लक्की, पीयूष, अंशुल, प्रियांशु, निखिल, नवीन सरस्वती, जतिन, रिद्धि, दिया, धुर्व, अनुराग, रिया सिंगटा सहित कई अन्य एनएसयूआई कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित थे।