Loading...

एवरेस्ट विजेता से लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तक, नाहन में नारी शक्ति को मिला सम्मान

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 8 Mar 2026, 8:13 PM | Updated: 8 Mar 2026, 8:13 PM 1 min read

नाहन में आयोजित राज्य स्तरीय महिला दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न योजनाओं की लाभार्थियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मान मिला।

नाहन

एवरेस्ट विजेता से लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तक, नाहन में नारी शक्ति को मिला सम्मान
नाहन | हिमाचल दस्तक ब्यूरो

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में नाहन में नारी शक्ति का भव्य सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं की लाभार्थियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।

समारोह में जिला सिरमौर की उपायुक्त प्रियंका वर्मा को महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं संगड़ाह तहसील के गांव गत्ताधार की कृतिका शर्मा को माउंट एवरेस्ट फतह करने की उपलब्धि तथा राजगढ़ क्षेत्र के पझौता की मेघा सिंह कंवर को हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक परीक्षा-2025 में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश महिला विकास प्रोत्साहन योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली सोलन जिले की शांति जायसवाल, बिलासपुर की निर्मला धीमान, कांगड़ा जिला के इंदौरा की गृहिणी स्वयं स्वरोजगार संघ तथा ऊना की निशू लता को एक-एक लाख रुपये की राशि प्रदान कर सम्मानित किया।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के अंतर्गत शिखा, सिमरन कौर, शिया और प्रेम लता को विवाह अनुदान के रूप में 60-60 हजार रुपये प्रदान किए गए, जबकि महबूब हसन और रवि को मकान निर्माण के लिए दूसरी किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये दिए गए।

शगुन योजना के तहत संतोष देवी, शीला देवी और नीमो देवी को 31-31 हजार रुपये, विधवा पुनर्विवाह योजना के अंतर्गत नसिफा, नितेश और विधा देवी को दो-दो लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत बबीता, सुनीता देवी और अनीता देवी को 51-51 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें बिलासपुर के फगट घुमारवीं सर्कल की संतोष कुमारी, चंबा के गुडवाना चुवाड़ी सर्कल की मीना कुमारी, हमीरपुर की कौशल्या, कांगड़ा के देहरा क्षेत्र की रेखा रानी, किन्नौर के चगांव सर्कल की सोनिया कुमारी और ब्रो निथर सर्कल की रेखा शर्मा, लाहौल-स्पीति के छाटिंग सर्कल की सुनीता तथा मंडी सदर के दरम्याना सर्कल की मीनाक्षी देवी शामिल रहीं।

इसके अलावा शिमला के चौपाल क्षेत्र की उषा राठौर, सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र की कौशल्या देवी, सोलन के नालागढ़ की मीता रण, ऊना के जखेड़ा ब्रह्मा मोहल्ला की कुसुम देवी, बिलासपुर की सिमरो देवी, चंबा की बीना देवी, हमीरपुर की कश्मीरी देवी, कांगड़ा की सुमिंद्रा देवी, किन्नौर की ज्ञान देवी और कमला देवी, लाहौल-स्पीति की आशा, मंडी की भवाना देवी, शिमला के रोहड़ू क्षेत्र की गीता रांटा, सिरमौर के नाहन क्षेत्र की रक्षा देवी, सोलन की शारदा तथा ऊना की शमा देवी को भी सम्मानित किया गया। सभी को सराहनीय सेवाओं के लिए पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।