एशियन कैडेट कप-2025 में हिमाचल की सुहानी, श्रेया और अवनीत का चयन
हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने खेल जगत में एक और बड़ा मुकाम हासिल किया है। अंब की सुहानी सिंह, श्रेया भारद्वाज और अवनीत कौर ने 20वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन कर एशियन कैडेट कप 2025 में जगह बनाई है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 19 से 22 सितंबर तक हल्द्वानी, उत्तराखंड में आयोजित होगी।
अंब
राष्ट्रीय स्तर पर दमदार प्रदर्शन
फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चयन मानदंडों के अनुसार, राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जाता है। हिमाचल की इन तीनों प्रतिभाशाली बेटियों ने अपने दमदार खेल से यह उपलब्धि हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
खेल संघ और सरकार की प्रतिक्रिया
हिमाचल प्रदेश फेंसिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष शादी लाल गोस्वामी ने कहा कि बेटियों ने पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है और हमें पूरा विश्वास है कि वे एशियन कैडेट कप में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एशियन कैडेट कप-2025 में तलवारबाज़ी के लिए सुहानी, अवनीत, श्रेया और जिया का चयन पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने चारों खिलाड़ियों को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि इनकी सफलता देशभर की बेटियों के लिए प्रेरणा है।
खिलाड़ियों की मेहनत और भविष्य की उम्मीदें
इन बेटियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है। परिवार, कोच और खेल विभाग के सहयोग से ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन करती आ रही हैं। हल्द्वानी में होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट इनके लिए अपनी प्रतिभा को विश्व स्तर पर साबित करने का सुनहरा मौका होगा।