एसआईयू टीम ने गश्त के दौरान व्यक्ति से पकड़ी नशे की खेप, गिरफ्तार
HNN / बिलासपुर
बिलासपुर-घुमारवीं सड़क पर बेनला-ब्राह्मणा के पास बिलासपुर पुलिस की एसआईयू टीम ने एक व्यक्ति के कब्जे से नशे की खेप बरामद की है। आरोपी की पहचान सुरजीत सिंह निवासी बेनला ब्राह्मणा के रूप में हुई है। पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम बेनला-ब्राह्मणा के पास गश्त पर थी। इस दौरान वहां से पैदल जा रहे व्यक्ति ने जैसे ही पुलिस को सामने देखा वह हड़बड़ा गया और वही से पीछे की तरफ मुड़कर जाने लगा। टीम ने जब उसे रुकने के लिए आवाज लगाई तो उसने भागते हुए अपनी पैंट की जेब से एक पाॅलीथिन का लिफाफा सड़क की नाली में फैंक दिया।
टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उक्त व्यक्ति को थोड़ी ही दूरी पर दबोच लिया। जब उसके द्वारा फैंके गए लिफाफे को चैक किया तो उसमें से चरस निकली। जब उसे तोला गया तो वह 40.34 ग्राम पाई गई। उधर, डीएसपी मुख्यालय राज कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर सदर पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा छानबीन जारी है।