FIR / डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 28 लाख की ठगी, साइबर पुलिस ने वापस दिलाए 27.56 लाख रुपये
FIR / हिमाचल प्रदेश में डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर बिलासपुर निवासी एक व्यक्ति से करीब 28 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य खंड मंडी ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग बैंक खातों में 27,56,961 रुपये होल्ड करवाए। न्यायालय के आदेश के बाद यह पूरी राशि शिकायतकर्ता को वापस दिला दी गई। मामले में पांच अक्तूबर को भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
मंडी
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता को 12 सितंबर 2026 को एक फोन कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने दावा किया कि शिकायतकर्ता के नाम पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल बैंक खाता खोलने में किया गया है और उस खाते के माध्यम से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी हुई है। आरोपी ने एक व्यक्ति की गिरफ्तारी का हवाला देते हुए शिकायतकर्ता को मामले में फंसाने की धमकी दी। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस थाना मंडी में शिकायत दर्ज करवाई।
फर्जी सम्मन भेजकर बनाया दबाव
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर उससे संपर्क किया था। उसने संबंधित सिम कार्ड और बैंक खाते की जानकारी होने से इनकार किया तो उसे डराने के लिए सुप्रीम कोर्ट और प्रवर्तन निदेशालय के फर्जी सम्मन भेजे गए। आरोपियों ने कई दिनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखने और संपत्ति सीज करने का झांसा दिया। गिरफ्तारी एवं कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर शिकायतकर्ता से करीब 28 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन मध्य खंड मंडी ने शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए विभिन्न बैंक खातों में कुल 27,56,961 रुपये होल्ड करवाए। इसके बाद न्यायालय से आदेश प्राप्त कर यह राशि शिकायतकर्ता को वापस करवाई गई। मामले में पांच अक्तूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
साइबर पुलिस ने जारी की सावधानी
साइबर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भारतीय कानून में डिजिटल अरेस्ट का कोई प्रावधान नहीं है। कोई सरकारी एजेंसी, पुलिस विभाग या न्यायालय डिजिटल माध्यम से किसी व्यक्ति की चल-अचल संपत्ति को कब्जे में नहीं लेता। पुलिस ने संदिग्ध ईमेल, अनधिकृत लॉगिन या भुगतान संबंधी गड़बड़ी सामने आने पर तुरंत बैंक और साइबर क्राइम पुलिस को सूचना देने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की सलाह दी गई है।