Loading...

एसआईयू टीम ने पिकअप से पकड़ी देसी शराब की 150 पेटियां, आरोपी गिरफ्तार

SAPNA THAKUR • 15 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ पांवटा

जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में एसआईयू टीम ने एक पिकअप से शराब का जखीरा पकड़ा है। इस दौरान पिकअप से देसी शराब की 150 पेटियां बरामद की गई है। टीम ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है साथ ही सुजान सिंह उर्फ सुरजन पुत्र शोभा राम गांव काण्डो तहसील कमरऊ जिला सिरमौर को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सिरमौर की एसआईयू टीम माजरा, पांवटा साहिब और सतौन क्षेत्र में गश्त पर निकली। इसी दौरान जब टीम बद्रीपुर पहुँची तो गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि सुजान सिंह पिकअप (HR 58B-7272) में ददाहू की तरफ से बाहरी राज्य की शराब लोड करके कफोटा के लिए सप्लाई लेकर आ रहा है।

पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस भी अलर्ट हो गई और सतौन के पास नाकाबंदी की। इस दौरान देर रात को पेट्रोल पंप सतौन के पास एक पिकअप आई जोकि तिरपाल से ढकी हुई थी। जब पुलिस ने पिकअप को रुकने का इशारा किया तो चालक कमरऊ की तरफ मौके से फरार हो गया। लिहाजा एसआईयू टीम ने पिकअप का पीछा किया और गाडी को चिलोन के पास पकड़ लिया।

इस दौरान जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें से देसी शराब की 150 पेटियां बरामद हुई जिसे चंडीगढ़ से लाया गया था। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।