एसएसबी जवान की असम में हृदय गति रुकने से मौत, सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा के उपमंडल धीरा की ग्राम पंचायत नौरा के एसएसबी जवान प्रवीन कुमार की असम में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मंगलवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। बेटे अभिषेक ने प्रवीन कुमार की चिता को मुखाग्नि दी।
जानकारी के अनुसार, प्रवीन कुमार सशस्त्र सीमा बल की 64वीं बटालियन में ब्रामा कैंप हॉली असम में तैनात थे। मंगलवार को एसएसबी जवान की पार्थिव देह बटालियन के उपनिरीक्षक लोभी राम की अगुवाई में असम से सशस्त्र सीमा बल के केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र सपड़ी लाई गई, जहां से उसे पैतृक गांव लाया गया।
नौरा के शवदाह गृह में सैंकड़ों लोगों ने नम आंखों से प्रवीन कुमार की अंतिम यात्रा में भाग लेकर उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की। प्रवीन कुमार अपने पीछे पत्नी अनिता कुमारी, 18 वर्षीय पुत्र अभिषेक, 15 वर्षीय पुत्री अक्षरा, माता-पिता, भाई और बहन छोड़ गए हैं।