Loading...

ऐतिहासिक रिज मैदान पर मनाया जाएगा राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह

PRIYANKA THAKUR • 7 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / शिमला

राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह-2023 बड़े ही हर्षोल्लास के साथ शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर मनाया जाएगा। राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में बुलाई गई एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अभी से समारोह की तैयारी आरंभ कर दें।

जिलाधीश शिमला ने कहा कि राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की परेड में जे एंड के राइफल्स, आईटीबीपी, पुलिस के महिला व पुरुष टुकड़ियां, बैंड, होमगार्ड, यातायात पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट एंड गाइड्स, पुलिस का श्वान दल तथा पूर्व सैनिकों का दल शामिल होगा। उन्होंने कहा कि परेड के लिए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी तथा एएसपी नोडल अधिकारी होंगे।

आदित्य नेगी ने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड प्रभावशाली होनी चाहिए और परेड में भाग लेने वाली सभी टुकड़ियों में पूरा समन्वय होना चाहिए क्योंकि परेड व मार्च पास्ट ऐसे समारोहों का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। उन्होंने कहा कि 23 जनवरी से सभी टुकड़ियां परेड का पूर्वाभ्यास आरंभ करेंगी तथा 24 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल होगी।

इस वर्ष राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में हिम ऊर्जा, बागवानी विभाग, कृषि, पर्यटन विभाग, पुलिस विभाग, पशुपालन विभाग, उद्योग, डीआरडीए, शिक्षा विभाग, नगर निगम शिमला, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, वन विभाग, फॉरेंसिक, भाषा कला एवं संस्कृति विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकियां शामिल की जाएंगी।