राष्ट्रीय प्रकृति शिविर में 45 विद्यार्थियों ने समझे विज्ञान और पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक पहलू
एटीसी शाहपुर में 18 से 20 नवंबर, 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रकृति शिविर में कांगड़ा जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के 45 विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन, तकनीकी शिक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा व्यावहारिक ज्ञान दिया गया। उनके साथ 10 एस्कॉर्ट अध्यापक भी शामिल रहे।
कांगड़ा/शाहपुर
शिविर में चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस की क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ कक्षा नौवीं और दसवीं के विज्ञान विषय के टॉपर्स ने हिस्सा लिया। इनमें शाहपुर ब्लॉक के लोअर बेल्ट क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लंज, हारचक्कियां, राजकीय उच्च विद्यालय लपियाणा, परगोड, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटला और धारकलां सहित अन्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल थे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
विधानसभा और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का भ्रमण
शैक्षणिक भ्रमण के तहत विद्यार्थियों ने धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा का दौरा किया। यहां उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधानसभा की कार्यप्रणाली और विधायी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद विद्यार्थियों को गमरू स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट ले जाया गया, जहां उन्होंने गंदे पानी के उपचार, जल संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया को समझा। विद्यार्थियों ने भागसू स्थित डल झील और मैकलोडगंज के दलाई लामा मंदिर परिसर का भ्रमण कर क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत तथा पर्यटन महत्व की जानकारी भी प्राप्त की।
तकनीकी ट्रेड और कौशल विकास की जानकारी
शिविर के दूसरे दिन विद्यार्थियों को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शाहपुर का भ्रमण करवाया गया। संस्थान में उन्हें विभिन्न तकनीकी ट्रेडों, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों के लिए कांगरी डैम का भ्रमण भी आयोजित किया गया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक परिस्थितियों में सीखने, प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर मिला।
शिविर को सफल बनाने में एटीसी शाहपुर की वैज्ञानिक अधिकारी सुनंदा पठानिया, वरिष्ठ वैज्ञानिक सहायक रीनू जसवाल, डाटा एंट्री ऑपरेटर सुमन कुमारी और केंद्र के समस्त स्टाफ ने योगदान दिया। एटीसी शाहपुर ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए विज्ञान, पर्यावरण, प्रकृति संरक्षण और प्रौद्योगिकी से संबंधित जागरूकता तथा शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही है।

