Interview / हमीरपुर में 10 पदों के लिए 27 नवंबर को साक्षात्कार, 20 हजार तक मिलेगा वेतन
Interview / महावीर मोटर्स सलासी में विभिन्न श्रेणियों के कुल 10 पद भरने के लिए 27 नवंबर को सुबह साढ़े दस बजे जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 12,500 रुपये से 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। निर्धारित योग्यता रखने वाले रोजगार कार्यालय में पंजीकृत युवा इसमें भाग ले सकते हैं।
हमीरपुर
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि सेल्स मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, सेल्स टीडब्ल्यू, टेक्नीशियन, सर्विस मैकेनिक टीडब्ल्यू और कस्टमर केयर मैनेजर के पदों के लिए भर्ती की जाएगी। सेल्स मैनेजर और सेल्स एग्जीक्यूटिव पद के लिए 18 से 40 वर्ष आयु के स्नातक पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। टेक्नीशियन और सर्विस मैकेनिक पद के लिए उम्मीदवार के पास मैकेनिकल ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमा होना आवश्यक है।
योग्यता और जरूरी दस्तावेज
कस्टमर केयर मैनेजर पद के लिए कंप्यूटर एप्लीकेशन में डिप्लोमा रखने वाले 18 से 40 वर्ष आयु के महिला और पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार, निर्धारित योग्यता पूरी करने वाले ऐसे युवा साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं, जिनका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है। उम्मीदवारों को साक्षात्कार के समय अपने मूल प्रमाण पत्र और हिमाचली प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे।

