ऐतिहासिक सैरगाह विला राउंड को मिलेगा नया स्वरूप, विरासत के साथ आधुनिक सुविधाओं से संवरेगी नाहन की पहचान
पैदल मार्ग, हरित क्षेत्र, ओपन जिम और आकर्षक लाइटिंग से बदलेगी तस्वीर, लोगों के सुझावों से तैयार होगी विकास योजना
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
नाहन शहर की ऐतिहासिक सैरगाह विला राउंड अब अपनी पुरानी गरिमा को बरकरार रखते हुए नए और आधुनिक स्वरूप में विकसित होगी। शहर की पहचान मानी जाने वाली इस ऐतिहासिक सैरगाह के सौंदर्यकरण कार्य का शुभारंभ मंगलवार को विधायक अजय सोलंकी ने विधिवत किया।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि विला राउंड नाहन के लिए केवल एक सैरगाह नहीं, बल्कि शहर की ऐतिहासिक धरोहर और प्राकृतिक पहचान है।
यहां विकास कार्य इस तरह किए जाएंगे कि इसकी मूल ऐतिहासिक बनावट और प्राकृतिक सौंदर्य से कोई समझौता न हो। उद्देश्य इसे ऐसा आकर्षक स्थल बनाना है, जहां स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटक भी सुकून के पल बिता सकें।

योजना के तहत सैरगाह में पैदल मार्गों का उन्नयन, हरित क्षेत्र का विस्तार, आकर्षक लैंडस्केपिंग, बैठने की आधुनिक व्यवस्था, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाएं तथा युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों, पर्यावरण प्रेमियों और बुद्धिजीवियों के सुझावों को भी विकास योजना में शामिल किया जाएगा।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा, “विला राउंड नाहन की ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता का प्रतीक है। हमारी कोशिश केवल सौंदर्यकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे ऐसा आदर्श सार्वजनिक स्थल बनाना है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी गर्व का विषय बने।
विकास और विरासत संरक्षण दोनों साथ-साथ चलेंगे और इसमें जनता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी।”उन्होंने शहरवासियों से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने, पौधों की सुरक्षा करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहयोग देने की अपील भी की।
विधायक ने कहा कि आने वाले समय में नाहन के अन्य ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और सौंदर्यकरण के लिए भी इसी तरह योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे, ताकि नाहन की ऐतिहासिक पहचान और प्राकृतिक खूबसूरती को नई पहचान मिल सके।