दिवाली के पटाखे ने फोड़ी पड़ोसी की पानी की टंकी, समझाने पहुंचे पति-पत्नी से मारपीट
पटाखा घर की तरफ फेंकने का आरोप, नुकसान को लेकर हुआ विवाद; माजरा पुलिस ने दर्ज किया मामला
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
दिवाली की आतिशबाजी से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। जिला सिरमौर के पुरुवाला कांशीपुर में पटाखे फेंकने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि एक पड़ोसी की ओर से जलाया गया पटाखा दूसरे के घर की पानी की टंकी के पास फट गया, जिससे टंकी क्षतिग्रस्त हो गई। जब नुकसान को लेकर समझाने पति-पत्नी पड़ोसी के घर पहुंचे तो उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रमेश कुमार पुत्र बग्गा राम निवासी पुरुवाला कांशीपुर ने बताया कि 8 नवंबर को उसका पड़ोसी मुकेश कुमार दिवाली के पटाखे जला रहा था। आरोप है कि मुकेश पटाखे उनके घर की तरफ फेंक रहा था। इसी दौरान एक पटाखा उनकी पानी की टंकी के नजदीक फट गया, जिससे टंकी क्षतिग्रस्त हो गई।
रमेश कुमार के अनुसार, घटना के बाद वह अपनी पत्नी के साथ पड़ोसी मुकेश कुमार को समझाने उसके घर गया। कुछ समय बाद मुकेश और उसका बड़ा भाई तरसेम पानी की टंकी देखने उनके घर पहुंचे। इसी दौरान कथित तौर पर मुकेश ने रमेश कुमार और उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और दोनों के साथ मारपीट की।
दिवाली जैसे त्योहार पर आतिशबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। मामूली कहासुनी और संपत्ति को हुए नुकसान को लेकर पैदा हुआ विवाद पति-पत्नी के साथ मारपीट के आरोपों में बदल गया।एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना माजरा में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।