ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और सेना के शौर्य को समर्पित तिरंगा यात्रा , श्री बाबा रुद्रानंद सेवा समिति ने निकाली यात्रा
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
बंगाणा व कुटलैहड़ क्षेत्र में सैकड़ों लोगों ने लिया भाग, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर रहे मुख्य अतिथि
तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना के शौर्य के सम्मान में गुरुवार को उप-मंडल बंगाणा व कुटलैहड़ में श्री बाबा रुद्रानंद सेवा समिति नारी द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ गांव चरोला से हुआ जो डेरा बाबा रुद्रानंद नारी तक निकाली गई। इस यात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष तिरंगा हाथ में लेकर शामिल हुए और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
वीरेंद्र कंवर ने किया संबोधित
तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र कंवर शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद को करारा जवाब दिया है। पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की हत्या के बाद देशभर में जो गुस्सा था, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने निर्णायक कार्रवाई से शांत किया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पाकिस्तान के लिए ऐसा सबक है जिसे उनकी तीन पीढ़ियां याद रखेंगी।
सेना को मिला खुला समर्थन
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सेना को खुली छूट दी, जिससे ऑपरेशन सिंदूर सफल हुआ। भारतीय सेना ने न केवल आतंकवादियों के ठिकानों को तबाह किया, बल्कि पाकिस्तान को युद्धविराम के लिए मजबूर कर दिया। उन्होंने सेना और प्रधानमंत्री को सैल्यूट करते हुए कहा कि इस ऑपरेशन ने देश को गौरव का क्षण दिया है।
शहीदों को समर्पित यात्रा में बढ़-चढ़कर भागीदारी
कार्यक्रम के दौरान सेना से सेवानिवृत्त कैप्टन सुभाष कौंडल ने कहा कि यह केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र सम्मान की पुनर्स्थापना का संकल्प है। तिरंगा यात्रा शहीदों को श्रद्धांजलि और राष्ट्र को एकजुट करने का संदेश है। यात्रा में समिति अध्यक्ष मदन लाल शर्मा, बीडीसी सदस्य देवराज, चरणजीत शर्मा, रमेश शर्मा, अमन शारदा, मनु बांका, शशि राणा, विजय शर्मा, सौरभ ठाकुर, दलजीत सिंह, अश्वनी कुमार, दिलबाग सिंह, सुनील शारदा, रवि शंकर, सोमदत्त, सतीश कुमार सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।