Loading...

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी पहुंचे आदमपुर एयरबेस , पाकिस्तान के फर्जी दावों की खुली पोल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 May 2025 • 1 Min Read

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी का आदमपुर एयरबेस दौरा, पाकिस्तान के फर्जी दावों की पोल खोलने वाला कड़ा संदेश

आदमपुर

प्रधानमंत्री मोदी का आदमपुर दौरा , पाकिस्तान को सीधा संदेश

ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान को करारा जवाब देने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पंजाब के आदमपुर एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने वायु सेना के जवानों से मुलाकात की। पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने इस एयरबेस को निशाना बनाया, लेकिन पीएम मोदी के दौरे ने इस फर्जी दावे की पोल खोल दी।

पाकिस्तान के फर्जी दावों का पर्दाफाश

विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने पहले ही 11 मई को प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया था कि सिरसा और आदमपुर एयरबेस को नुकसान पहुंचाने के पाकिस्तानी दावे पूरी तरह से गलत हैं। पीएम मोदी ने अपने दौरे से इस प्रोपेगैंडा को और भी स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया।

आदमपुर दौरे के पीछे का खास संदेश

पीएम मोदी का अचानक आदमपुर एयरबेस जाना अपने आप में एक कड़ा संदेश है। पीएम के पीछे मौजूद उस लड़ाकू विमान की तस्वीर, जिस पर लिखा था ‘क्यों दुश्मनों के पायलट ठीक से सो नहीं पाते?’, ने पाकिस्तान को सीधा संदेश दिया है। 9 और 10 मई की दरम्यानी रात को पाकिस्तान ने जिन एयरफोर्स स्टेशनों को निशाना बनाने का दावा किया था, उनमें आदमपुर भी शामिल था। पीएम मोदी का यहां पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि पाकिस्तान के हमलों से भारत का कोई नुकसान नहीं हुआ।

वायुसेना के जवानों के साथ चर्चा और आभार व्यक्त

पीएम मोदी ने आदमपुर एयरबेस पर वायु सेना के जवानों से बातचीत की और मौजूदा हालात की जानकारी ली। इस दौरान जवानों ने ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए ‘एक्स’ पर कुछ तस्वीरें साझा कीं और लिखा, ‘आज सुबह वायुसेना स्टेशन आदमपुर गया और हमारे बहादुर जवानों से मिला। उनका साहस और निडरता हमें हमेशा प्रेरित करती है। भारत उनके बलिदान के प्रति सदैव आभारी है।’