Loading...
una

ऑपरेशन सिंदूर में घायल हरोली के दो वीर जवानों के परिजनों से मिले उपमुख्यमंत्री, दी ढांढस

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 14 May 2025 • 1 Min Read

ऊना / वीरेंद्र बन्याल

ड्रोन हमले में घायल जवानों का साहस देख गर्वित हुआ प्रदेश, हरसंभव सहायता का आश्वासन

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान घायल हुए हरोली विधानसभा क्षेत्र के दो वीर जवानों के परिजनों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। बाथू गांव के बीएसएफ उप निरीक्षक व्यास देव और छेत्रा गांव के सिख रेजिमेंट जवान गुरनाम सिंह उर्फ ‘रोमी’ वर्तमान में आर्मी हॉस्पिटल जम्मू में उपचाराधीन हैं।

बीएसएफ के उप निरीक्षक व्यास देव से भेंट
उपमुख्यमंत्री सबसे पहले बाथू गांव पहुंचे और ड्रोन हमले में गंभीर रूप से घायल हुए उप निरीक्षक व्यास देव के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने व्यास देव की पत्नी परमजीत कौर से बातचीत की और उनके साहस को सलाम किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि व्यास देव ने देश की रक्षा में अपना अभूतपूर्व योगदान दिया है। हमले में एक टांग गंवाने के बावजूद उनका हौसला पूरे प्रदेश को गर्वित कर रहा है।

सिख रेजिमेंट के जवान गुरनाम सिंह के परिवार से भेंट
इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री छेत्रा गांव पहुंचे और सिख रेजिमेंट के घायल जवान गुरनाम सिंह के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पिता जोगिंदर सिंह, माता जगमोहन कौर और पत्नी गुरप्रीत कौर से गुरनाम सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गुरनाम सिंह का बलिदान और साहस देश की असली ताकत है।

सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा
उपमुख्यमंत्री ने दोनों वीर जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और कहा कि प्रदेश सरकार उनकी हर संभव सहायता के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि वीर जवानों के साहस और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा।

उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर, प्रमोद कुमार, सतीश बिट्टू, विनोद बिट्टू, पवन ठाकुर और बाथू ग्राम पंचायत की प्रधान सुरेखा राणा भी उपस्थित रहे।