औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मेट्रो डेकोरेटिव में लगेगा मेगा ब्लड डोनेशन कैंप
रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स की अगुवाई में 25 सितंबर को होगा आयोजन, रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 में एक दिन में 140 क्लब लगाएंगे रक्तदान शिविर
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स की ओर से 25 सितंबर को औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब स्थित मेट्रो डेकोरेटिव के प्रांगण में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 की ओर से आयोजित किए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में डिस्ट्रिक्ट के 140 रोटरी क्लबों द्वारा विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार इस सामूहिक आयोजन के माध्यम से विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
रोटरी नाहन सिरमौर हिल्स की प्रधान प्रगति सबलोक ने बताया कि रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रीता कालरा के आह्वान पर पूरे डिस्ट्रिक्ट में एक साथ रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अभियान का उद्देश्य सभी रोटरी क्लबों को एक मंच पर लाकर रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
क्लब के सचिव विकास रतन ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट 3080 के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और पंजाब में विभिन्न स्थानों पर एक ही दिन रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविरों के इस महाकुंभ के माध्यम से रोटरी के सभी क्लबों को एक साथ जोड़ते हुए ऐतिहासिक आयोजन करने का प्रयास किया जा रहा है।
क्तदान शिविर का आयोजन ब्लड डोनेशन कैंप्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार सबलोक की देखरेख में होगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद अथवा मरीज का जीवन बचाने के लिए किया जाने वाला सबसे बड़ा और निस्वार्थ सेवा कार्य है। शिविर के लिए देवभूमि ब्लड सेंटर, देहरादून की मेडिकल टीम को विशेष रूप से बुलाया गया है।
शिविर के आयोजन में मेट्रो डेकोरेटिव के प्रेजिडेंट डीके सिंह, उनके सहयोगियों और कर्मचारियों की ओर से भी पूर्ण सहयोग दिया जा रहा है। आयोजकों ने लोगों से इस मेगा रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने और रक्तदान कर इस ऐतिहासिक अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।