Loading...

कंडाघाट क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण प्रस्ताव पर जन सुनवाई, प्रभावित लोगों से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 26 Dec 2025 • 1 Min Read

हिमुडा की प्रस्तावित माउंटेन टाउनशिप परियोजना को लेकर कंडाघाट क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इस संबंध में प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जन सुनवाई आयोजित की जाएगी।


कंडाघाट/सोलन

भूमि अधिग्रहण अधिनियम के तहत जारी अधिसूचना

उपमंडलाधिकारी एवं उपमंडल समाहर्ता कंडाघाट द्वारा हिमाचल प्रदेश भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन में उचित मुआवजा और पारदर्शिता अधिकार अधिनियम, 2013 के अंतर्गत अधिसूचना जारी की गई है। यह अधिसूचना उप तहसील ममलीग के महाल मझयारी क्षेत्र में प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण से संबंधित है।

हिमुडा माउंटेन टाउनशिप परियोजना से जुड़ा मामला

अधिसूचना के अनुसार हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) द्वारा जाठिया देवी क्षेत्र में माउंटेन टाउनशिप परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव रखा गया है, जिसके अंतर्गत मझयारी क्षेत्र की भूमि शामिल है।

सामाजिक प्रभाव आकलन रिपोर्ट तैयार

इस परियोजना के लिए सामाजिक प्रभाव आकलन इकाई द्वारा विस्तृत रिपोर्ट और सामाजिक प्रभाव प्रबंधन योजना तैयार की गई है। इन दस्तावेजों में भूमि अधिग्रहण से प्रभावित लोगों पर पड़ने वाले सामाजिक, आर्थिक और आजीविका संबंधी प्रभावों का आकलन किया गया है।

लिखित आपत्तियां और सुझाव देने का अवसर

प्रभावित अथवा इच्छुक व्यक्ति जन सुनवाई के दौरान उपमंडलाधिकारी के समक्ष अपने सुझाव या आपत्तियां लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त होने वाले सभी उचित सुझावों को अंतिम रिपोर्ट में सम्मिलित किया जाएगा।

रिपोर्ट अध्ययन के लिए उपलब्ध

सामाजिक प्रभाव आकलन रिपोर्ट और प्रबंधन योजना हिमाचल प्रदेश सरकार की वेबसाइट, हिमुडा की आधिकारिक वेबसाइट, उपमंडलाधिकारी कार्यालय कंडाघाट, नायब तहसीलदार कार्यालय ममलीग तथा संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालय में हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में अध्ययन के लिए उपलब्ध करवाई गई है।