कचहरी चौक पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने ली चाय की चुस्कियाँ और की पपीते-संतरे की खरीदारी
Himachalnow / धर्मशाला
कचहरी चौक पर सीएम ने ली चाय की चुस्कियां, स्थानीय दुकानदारों से की बातचीत
धर्मशाला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक बार फिर आम आदमी जैसा सादगीभरा अंदाज दिखाया। शाम करीब साढ़े पांच बजे वह धर्मशाला के कचहरी चौक पहुंचे, जहां उन्होंने ढागरू स्वीट शॉप पर चाय की चुस्कियां लीं।
रेहड़ी से खरीदी मूंगफली
सीएम ने पहले एक रेहड़ी से 50 रुपए की मूंगफली खरीदी और रेहड़ी लगाने वाले रमेश चंद से बातचीत की। रमेश ने बताया कि वह 1990 से पालमपुर के पास चांदपुर से आकर रेहड़ी लगाते हैं और अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
500 रुपए में खरीदे फल
इसके बाद सीएम ने अमरजोत की सब्जी की दुकान से 500 रुपए में पपीते और संतरे खरीदे। अमरजोत ने बताया कि उनके पिता का देहांत हो चुका है और वह परिवार के लिए अकेली कमाने वाली हैं। उनकी बहन पास में जूस की दुकान चलाती हैं।
चाय की चुस्कियां और साधारण अंदाज
मुख्यमंत्री ने ढागरू स्वीट शॉप पर चाय पीते हुए स्थानीय लोगों और दुकानदारों से बातचीत की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनकी हरसंभव मदद करेगी।
सीएम ने की मेहनत की तारीफ
सीएम ने अमरजोत और उनके परिवार की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री का यह सादगीभरा अंदाज स्थानीय लोगों को खूब भाया, और उनकी चाय पर चर्चा शहर में चर्चा का विषय बन गई।
