करिअर अकादमी के शिक्षकों के लिए डाइट में हुई क्षमता निर्माण कार्यशाला
जिला परियोजना अधिकारी एवं प्रधानाचार्य डाइट हिमांशु भारद्वाज ने किया कार्यशाला का शुभारंभ
HNN/ नाहन
करिअर अकादमी के अध्यापकों के लिए सोमवार को नाहन डाइट में एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ जिला परियोजना अधिकारी एवं प्रधानाचार्य डाइट हिमांशु भारद्वाज ने किया। इस मौके पर राज्य स्त्रोत व्यक्ति एवं जिला समन्वयक आईडी राही ने सिंगापुर शैक्षणिक भ्रमण के अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने 21वीं सदी की शैक्षणिक पैडागोजी के अंतर्गत एक्सप्रिएंशियल लर्निंग पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने एक्सप्रिएंशियल लर्निंग क्या है? इसके प्रकार और प्रविधियों के साथ-साथ और कैसे हम छात्रों को इसके माध्यम से सीखा सकते हैं, ऐसे सभी पहलुओं पर जानकारी देते हुए व्यावहारिक गतिविधियां अध्यापकों के साथ साझा की।
इसके बाद जिला समन्वयक शिवानी थापा ने समेकित शिक्षा के बारे में भारत सरकार और राज्य सरकार नीतियों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत समेकित शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षा से वंचित विशेष आवश्यकता वाले छात्रों, समाज के वंचित वर्ग के बच्चों को कैसे विद्यालय वातावरण की मुख्य धारा में शिक्षा से जोड़ना है और इसके लिए क्या-क्या कानूनी प्रावधान हैं, इन सबके बारे में विस्तृत जानकारी दी।
अकादमी के प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने बताया कि कार्यशाला में 5वीं से 12वीं कक्षा पढ़ाने वाले 25 अध्यापकों को क्षमता निर्माण के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। दोपहर के सत्र में राज्य स्त्रोत व्यक्ति आईडी राही ने विद्यालय में मादक पदार्थों के सेवन की पूरे भारत, हिमाचल और सिरमौर की स्थिति के बारे में आंकड़े प्रस्तुत कर इसके जोखिम के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी विद्यालयों में छात्रों को जागरूक करने के लिए नवचेतना मॉड्यूल 6वीं से 8वीं और 9वीं से 12वीं तक लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किस तरह से छात्र में नकारात्मक पीयर दबाव से बचने के लिए न बोलने के कौशल का विकास किया जाए और कैसे तनाव में संतुलन बनाया जा सकता है, ताकि छात्र नशे में दूर रहें।
बच्चों की नशे से दूर रखने के लिए उन्हें स्वस्थ रहने के लिए स्वास्थ्य संबंधी आहार की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार से स्वस्थ रहने के लिए गो फूड, ग्रो फूड और ग्लो फूड की जरूरत रहती है। कार्यशाला के अंत में करिअर अकादमी के प्रधानाचार्य राजेश सोलंकी ने डाइट प्रधानाचार्य हिमांशु भारद्वाज और स्त्रोत व्यक्ति आईडी राही, शिवानी थापा और कार्यशाला में उपस्थित स्टॉफ सदस्यों का आभार जताया।