कलाकारों ने राजगढ़ बस स्टैंड और महाविद्यालय में दी आपदा से बचाव की जानकारी
HNN/राजगढ़
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान आपदा न्यूनीकरण समर्थ- 2023 के अंतर्गत उपमंडल राजगढ़ के बस स्टैंड व राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ में सरस्वती कला मंच के कलाकारों द्वारा आपदा से बचाव बारे कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

इन कार्यक्रमों के दौरान कलाकारों ने गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आपदा से नुक्सान को कम करने, भूकंप, भूस्खलन, बाढ़ व आगजनी जैसी स्थिती में सुरक्षा उपायों व सावधानियों के प्रति लोगों को जागरूक किया। कलाकारों ने नाटक “ठगडे री सीख” के माध्यम से बताया कि भूकंप जैसी स्थिति उत्पन्न होने के दौरान किस प्रकार अपनी सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की सहायता की जाए।
उन्होंने यह भी संदेश दिया कि घर एवं भवनों के निर्माण से पूर्व सही स्थान के चयन व नींव की कटाई या खुदाई भी उचित तरीके से करनी अति आवश्यक है। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने उपस्थित लोगों को गीत व नाटक के माध्यम से सरल व सहज तरीके से स्थानीय भाषा में आपदा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की।
इस मौके पर महाविद्यालय राजगढ़ के प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र वर्मा, अड्डा प्रभारी प्रताप सिंह, कॉलेज के प्रवक्ता व विद्यार्थीयों तथा स्थानीय लोग उपस्थित थे।