Loading...

कल्यार गांव के 11 मकानों पर मंडरा रहा खतरा, सरकार को लगाई मदद की गुहार

PARUL • 5 Sep 2023 • 1 Min Read

HNN/मंडी

इस बार हुई बारिश के कारण प्रदेश का ऐसा कोई जिला नहीं है जहां बारिश ने तबाही न मचाई हो। हर जिले हर क्षेत्र में बारिश के कारण आई आपदा ने सभी को हैरान कर दिया है। प्रदेश में आई इन आपदाओं के कारण बहुत से घर टूट गए और बहुत से घर ऐसे बन गए जो अब रहने लायक नहीं बचे। लेकिन अभी भी कुछ घर ऐसे हैं जिन्हें बचाया जा सकता है अगर सरकार इस पर कार्यवाही करे।

ऐसे ही 11 घर मंडी शहर के साथ लगते कल्यार गांव में भी है। जहां गांव के करीब 11 घर भूस्खलन के कारण खतरे की जद में आ गए हैं। बीती 13 और 14 अगस्त को हुई भारी बारिश के कारण इन सभी घरों के आगे जमीन धंस गई है जिस कारण घरों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। प्रशासन ने इन 11 प्रभावितों को फौरी राहत के तौर पर तिरपाल तो मुहैया करवाए हैं लेकिन तिरपाल इस समस्या का समाधान नहीं है।

इस आपदा से प्रभावित भवानी सिंह ने बताया कि रिटायर होने के बाद उन्होंने अपनी जमापूंजी से सपनों का आशियाना बनाया था लेकिन अब वह रहने लायक नहीं बचा। घर पर मंडरा रहे खतरे के कारण उन्हें अपने भाई के घर रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार से निवेदन किया है कि यहां पर जल्द से जल्द डंगा लगाए जाए ताकि घर को सुरक्षित बचाया जा सके।