कल के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करेगा तीन दिवसीय लीडरशिप बूटकैम्प
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
जिला मुख्यालय नाहन में शुक्रवार को मेरा युवा भारत (एमवाई भारत), सिरमौर द्वारा तीन दिवसीय आवासीय लीडरशिप बूटकैम्प का शुभारंभ किया गया। जिला परिषद सम्मेलन कक्ष में आयोजित इस बूटकैम्प में जिले के 35 चयनित युवा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार करना है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. अमर सिंह चौहान ने अपने संबोधन में ‘अभ्यास’ और ‘वैराग्य’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए तात्कालिक सुख का त्याग, धैर्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।
उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपने व्यक्तित्व और नेतृत्व कौशल को निरंतर विकसित करें।इस दौरान डॉ. प्रदीप कुमार ने सुशासन एवं व्यक्तित्व विकास विषय पर व्याख्यान दिया, जबकि हार्टफुलनेस प्रशिक्षक अनु शर्मा ने नेतृत्व एवं प्रभावी संचार कौशल पर सहभागितापूर्ण सत्र आयोजित किया।
जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, सिरमौर अमृषा शर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बूटकैम्प की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पहल युवाओं में जमीनी स्तर पर नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से एक लाख युवा नेताओं के निर्माण के विज़न को साकार करने की दिशा में भी अहम कदम है।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित इस तीन दिवसीय आवासीय बूटकैम्प में आगामी दिनों में नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, सुशासन, संचार कौशल, टीम निर्माण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।