कल डाले जाएंगे वोट, 13.34 लाख मतदाता चुनेंगे 15 विधायक
30 मतदान केंद्रों पर महिला कर्मी करवाएंगी मतदान, 7 दिव्यांग संचालित मतदान केंद्र
HNN / कांगड़ा
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि विधानसभा निर्वाचन को लेकर कांगड़ा जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 12 नंवबर को प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान होगा। 8 दिसंबर को वोटों की गिनती की जाएगी।
डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा जिले के 15 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13 लाख 34 हजार 542 मतदाता हैं। इनमें 6 लाख 53 हजार 661 महिला मतदाता और 6 लाख 80 हजार 875 पुरुष वोटर हैं। सर्विस वोटर की संख्या 21 हजार 768 हैं। विदेश में रह रहे प्रवासी निर्वाचक 6 हैं। इसके अलावा तीसरे जेंडर के 6 मतदाता हैं।
30 मतदान केंद्रों पर महिला कर्मी करवाएंगी मतदान, 7 दिव्यांग संचालित मतदान केंद्र
डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कांगड़ा जिले में विधानसभा चुनावों के मतदान के लिए 1627 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 1625 मुख्य तथा 2 सहायक मतदान केंद्र हैं। जिले के हर विधानसभा हल्के में दो मतदान केंद्र महिला कर्मियों द्वारा संचालित होंगे। इस प्रकार पूरे जिले में 30 मतदान केंद्र ऐसे होंगे जिनपर महिला कर्मी ही मतदान करवाएंगी।
इसके अतिरिक्त जिले में 7 दिव्यांग कर्मियों द्वारा संचालित मतदान केंद्र बनाए गए हैं। हर विधानसभा हल्के में दो आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं। लोकतंत्र के उत्सव को लेकर इन मतदान केंद्रों को विशेष तौर से सजाया गया है। साथ ही वहां मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। जिले में 50 फीसदी मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग की जाएगी।