Loading...

कांगड़ा एयरपोर्ट के लिए इंडिगो ने शुरू की हवाई सेवा, केंद्रीय मंत्रियों ने वर्चुअली दिखाई हरी झंडी

Ankita • 27 Mar 2023 • 1 Min Read

HNN/ कांगड़ा

कांगड़ा एयरपोर्ट पर रविवार से इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी हवाई सेवा शुरू कर दी है। इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह दिल्ली से वर्चुअली जुड़े। जिन्होंने कांगड़ा एयरपोर्ट के लिए पहली इंडिगो एयरलाइन (दिल्ली-धर्मशाला-दिल्ली) को हरी झंडी दिखाई।

कांगड़ा एयरपोर्ट पर रविवार को इंडिगो का 78 सीटर विमान पहली बार उतरा, जिसमें दिल्ली से 67 यात्रियों ने कांगड़ा एयरपोर्ट तक का सफर किया। जबकि कांगड़ा एयरपोर्ट से 56 यात्रियों ने इंडिगो विमान से दिल्ली की ओर प्रस्थान किया। यह विमान सेवा सप्ताह के सातों दिन कांगड़ा एयरपोर्ट के लिए सेवाएं देगी।

यह सेवा दिल्ली से सुबह 8:25 बजे कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचेगी और हर दिन वापिस 8:50 पर दिल्ली वापिस जाएगी। जबकि इंडिगो की ओर से एक अन्य हवाई सेवा भी शुरू की जा रही है, जो कि सोमवार से आरंभ होगी और सप्ताह में 4 दिन यानी सोमवार, बुधवार, वीरवार और शुक्रवार को सेवाएं देगी, जो कि 12:55 बजे कांगड़ा पहुंचेगी और 1:15 बजे वापिस दिल्ली के लिए रवाना होगी।