कांगड़ा के चंबी में गरजे पीएम मोदी, कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
HNN / काँगड़ा
हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए 12 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए अब 3 दिन ही बचे हैं। ऐसे में सभी पार्टियां अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव प्रचार को लेकर डटी हुई है। बता दें कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हिमाचल में दो रैलियां है। एक कांगड़ा तो दूसरी हमीरपुर संसदीय क्षेत्रों में।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज पहली रैली जिला कांगड़ा के चंबी मैदान में हुई। यहां जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना। पीएम मोदी ने कहा कि आने वाला समय 5जी का है। हिमाचल के नौजवानों का और हिमाचल के जीवन का कायाकल्प 5जी से होगा। इससे दूर-दराज के स्कूलों में भी पढ़ाई, शहरों जैसी हो जाएगी।
हम उम्र के आखिरी पड़ाव तक, महिलाओं की हर चुनौती को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। दशकों तक रही कांग्रेस की सरकार में सबसे ज्यादा उपेक्षित देश की महिलाएं और बहन-बेटियां थीं, 2014 से पहले के दिन आपने देखें है। आपने मुझे अपना बेटा समझकर आशीर्वाद दिया और मैंने भी ठान लिया की पीढ़ियों से जो आपको समस्याएं आ रही हैं, उन्हें पूरा करके ही रहूंगा।
शक्तिपीठों की धरती है कांगड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांगड़ा की धरती शक्तिपीठों की धरती है। भारत की आस्था और अध्यात्म का एक तीर्थ है। बैजनाथ से लेकर काठगढ़ तक, इस भूमि में बाबा भोले की असीम कृपा हम सभी पर हमेशा बनी रहती है।
कांग्रेस मतलब भ्रष्टाचार, घोटाले की गारंटी
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार उत्तराखंड के लोगों ने भी पुरानी परंपरा को बदलते हुए भाजपा को जिताया। उत्तर प्रदेश में भी 40 साल बाद ऐसा हुआ है जब कोई पार्टी फिर से जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सरकार में आई है। मणिपुर में भी भाजपा की सरकार फिर से आई है। कांग्रेस कभी हिमाचल को स्थिर सरकार नहीं दे सकती है और न ही वो चाहते हैं।