Loading...

कांगड़ा के बीड़-बिलिंग में बंजी जंपिंग का आनंद लेंगे लोग, तकनीकी टीम ने दी हरी झंडी

Ankita • 20 Jun 2023 • 1 Min Read

HNN/ कांगड़ा

पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व प्रसिद्ध घाटी बीड़ बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के साथ पर्यटक साहसिक खेल बंजी जंपिंग का आनंद ले सकेंगे। एशिया की पहली सस्पेंशन ब्रिज आधारित बंजी जंपिंग बीड़ के समीप सलावक गांव में शुरू होगी। बीड़ बिलिंग में सस्पेंशन ब्रिज आधारित बंजी जंपिंग एडवेंचर स्पोर्ट्स को तकनीकी टीम ने हरी झंडी दिखा दी है तथा आने वाले दिनों में बीड़ बिलिंग में ना केवल पैराग्लाइडिंग तथा साइकिलिंग होगी।

बल्कि बंजी जंपिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स का केंद्र बिंदु भी बनेगा। बीड़ बिलिंग में बंजी जंपिग साहसिक गतिविधियों को लेकर एडवेंचर स्पोर्ट्स अधिनियम के तहत पंजीकरण के लिए आवेदन किया गया था। इसके बाद विशेषज्ञों के समूह ने चिह्नित स्थल का दौरा कर स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अब पर्यटन निदेशालय की ओर से स्थान पर साहसिक गतिविधि शुरू करने को लेकर समीक्षा की जाएगी।

एक ही स्थान पर पैराग्लाइडिंग और बंजी जंपिंग की साहसिक गतिविधियां शुरू होने से जिले में पर्यटन को पंख लगेंगे। आपको बता दें कि विश्व में अनेक स्थानों पर सस्पेंशन ब्रिज बंजी जंपिंग करवाई जाती है परंतु एशिया के किसी भी देश में अभी तक यह सुविधा नहीं है।

ऐसे में टाइगर टीम एडवेंचर ने सलावक गांव में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर के विशेषज्ञों के सहयोग से सस्पेंशन ब्रिज तैयार करवाया। जिसके ऊपर से उनकी जंपिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। ऐसे में यहां पर लगभग 150 मीटर गहराई पर बंजिंग जंपिंग की जा सकेगी। बंजी-जंपिंग साहस से भरी मनोरंजक गतिविधि है। इसमें प्रतिभागी पैरों में एक रस्सी बांधने के बाद सिर के बल कूदकर साहसिक खेल अंजाम देते हैं।