Loading...

15 करोड़ की सहायता से हिमाचल में बनेगा आधुनिक सेब उत्कृष्टता केंद्र

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 19 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश में सेब की फसल के लिए आधुनिक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जाएगा। भारत सरकार परियोजना के लिए 15 करोड़ रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता देगी, जबकि न्यूजीलैंड के विशेषज्ञ केंद्र की स्थापना, आधुनिक तकनीक के हस्तांतरण और प्रबंधन में तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। केंद्र के माध्यम से बागवानों को उच्च गुणवत्ता वाली रोग-मुक्त सेब पौध उपलब्ध कराने के साथ उन्नत बागवानी तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश

राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश और न्यूजीलैंड के उच्चस्तरीय तकनीकी प्रतिनिधिमंडल की बैठक में परियोजना की रूपरेखा पर चर्चा की गई। केंद्र में रूटस्टॉक्स पर तैयार उच्च गुणवत्ता वाली पौध उपलब्ध कराने के साथ सेब की नई एवं उन्नत किस्मों और विश्वस्तरीय बागवानी तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। बदलती जलवायु के अनुरूप उच्च घनत्व वाले बगीचों की स्थापना को बढ़ावा देना भी परियोजना का प्रमुख उद्देश्य है।

बागवानों के लिए बनेगा प्रशिक्षण केंद्र

प्रदेश और देश के अन्य राज्यों के इच्छुक बागवानों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाने के लिए एक समर्पित प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का भी लक्ष्य रखा गया है। परियोजना भारत सरकार की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत स्थापित की जा रही है। हिमाचल प्रदेश का बागवानी विभाग इसकी कार्यकारी एजेंसी के रूप में काम करेगा और केंद्र के सफल संचालन के लिए भूमि, आवश्यक संसाधन तथा स्टाफ उपलब्ध कराएगा। न्यूजीलैंड का तकनीकी दल स्थापना से लेकर प्रबंधन तक विभाग को मार्गदर्शन देगा।

अगले वर्ष से पौध वितरण का लक्ष्य

बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने अधिकारियों को उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष से केंद्र में उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री तैयार कर बागवानों को उचित दाम पर वितरित की जानी चाहिए। बैठक में सचिव बागवानी सुदेश कुमार मोक्टा, निदेशक बागवानी डॉ. सतीश शर्मा और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। न्यूजीलैंड के तकनीकी दल का नेतृत्व न्यूजीलैंड उच्चायोग के लीड एडवाइजर ईशान जयवर्धना ने किया।

Related Topics: •