Loading...

Road Closed / बर्फ और फिसलन के खतरे के बीच साच पास मार्ग अगले आदेश तक बंद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 Mins Ago • 1 Min Read

Road Closed / चम्बा जिले में बर्फबारी, सड़क पर बर्फ जमने और फिसलन की आशंका को देखते हुए साच पास मार्ग तत्काल प्रभाव से आगामी आदेशों तक बंद कर दिया गया है। उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी मुकेश रेपस्वाल ने संभावित जोखिम के बीच जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया है।

चम्बा

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मार्ग बंद करने के आदेश दिए हैं। पांगी के किलाड़ स्थित उपमंडलाधिकारी नागरिक की रिपोर्ट के अनुसार साच पास में तापमान जमाव बिंदु से नीचे गिरना शुरू हो गया है। इसके कारण सड़क पर बर्फ जमने और वाहनों के फिसलने का खतरा पैदा हो रहा है।

उपमंडलाधिकारी पांगी ने पर्यटकों और यात्रियों को मौजूदा मौसम परिस्थितियों की जानकारी देने के साथ साच पास की ओर रवाना होने से पहले सड़क तथा मौसम की नवीनतम स्थिति पता करने संबंधी सार्वजनिक परामर्श जारी करने का आग्रह किया था। प्रशासन ने प्रतिकूल मौसम और संभावित जोखिम को ध्यान में रखते हुए आवाजाही रोकने का निर्णय लिया है।

उपायुक्त ने उपमंडलाधिकारी नागरिक चुराह को साच पास की ओर स्थित हिम पर्यटन स्थलों तक जाने वाले पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं और सक्षम प्राधिकारी द्वारा वापस लिए जाने या इनमें संशोधन किए जाने तक प्रभावी रहेंगे।

Related Topics: •