Loading...

Road Closed / बर्फ और फिसलन के खतरे के बीच साच पास मार्ग आगामी आदेशों तक बंद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 16 Mins Ago • 1 Min Read

Road Closed / चंबा जिला प्रशासन ने बर्फ जमने और सड़क पर फिसलन के संभावित खतरे को देखते हुए साच पास मार्ग को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेशों तक बंद कर दिया है। उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी मुकेश रेपस्वाल ने जनसुरक्षा के मद्देनजर यह आदेश जारी किए हैं। आदेश सक्षम प्राधिकारी द्वारा वापस लिए जाने या इनमें संशोधन होने तक लागू रहेंगे।

चंबा

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मार्ग बंद करने के आदेश जारी किए। उपमंडलाधिकारी नागरिक पांगी स्थित किलाड़ की रिपोर्ट में बताया गया है कि साच पास में तापमान जमाव बिंदु से नीचे गिरना शुरू हो गया है। इसके कारण सड़क पर बर्फ जमने और फिसलन की स्थिति बनने की आशंका बढ़ गई है।

यात्रा से पहले ताजा स्थिति जानने की सलाह

उपमंडलाधिकारी पांगी ने पर्यटकों और यात्रियों को मौजूदा मौसम परिस्थितियों से अवगत कराने के साथ साच पास की ओर यात्रा से पहले सड़क तथा मौसम की नवीनतम स्थिति की जानकारी लेने संबंधी सार्वजनिक परामर्श जारी करने का आग्रह किया था। प्रतिकूल मौसम और संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने मार्ग पर आवाजाही रोकने का निर्णय लिया है।

उपायुक्त ने उपमंडलाधिकारी नागरिक चुराह को साच पास की ओर स्थित हिम पर्यटन स्थलों तक जाने वाले पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। प्रशासन का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगले आदेश या सक्षम प्राधिकारी की ओर से संशोधन किए जाने तक प्रभावी रहेगा।

Related Topics: •