कानसर स्कूल की बेटियों ने सीखी आत्मरक्षा की तकनीकें, जुडो-कराटे और बॉक्सिंग से बढ़ाया आत्मविश्वास
सिरमौर/धारटीधार
रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत छात्राओं को मिला आधुनिक मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण
40 छात्राओं ने सीखा आत्मरक्षा का कौशल
धारटीधार क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय, कानसर में शिक्षा खंड माजरा के अंतर्गत रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें छठी से दसवीं कक्षा तक की 40 छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। प्रशिक्षक कृष्ण शर्मा के नेतृत्व में छात्राओं ने जुडो, कराटे और बॉक्सिंग जैसी तकनीकों का गहन अभ्यास किया।

शारीरिक प्रशिक्षण के साथ मानसिक सशक्तिकरण पर भी जोर
इस शिविर में सिर्फ आत्मरक्षा तक सीमित न रहते हुए जीवन में सकारात्मक सोच, संतुलित आहार और आत्मविश्वास को बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। छात्राओं ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ सभी गतिविधियों में भाग लेकर अपनी निडरता और क्षमता का परिचय दिया।
प्रशिक्षण ने बढ़ाया आत्मबल और सुरक्षा का भरोसा
विद्यालय के कार्यकारी प्रधानाचार्य किशोर भारद्वाज ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए यह प्रशिक्षण आत्मरक्षा ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि अब ये बेटियां जीवन की किसी भी चुनौती का डटकर सामना कर सकती हैं।
शिक्षकों और स्टाफ की सक्रिय सहभागिता
इस अवसर पर शिक्षक अनिल शर्मा, संदीप कुमार, कल्पना ठाकुर, नेहा शर्मा, बबिजा शर्मा, ललिता ठाकुर, आदित्मा कुमार तथा गैर-शिक्षण स्टाफ सुरेश शर्मा और कमलेश देवी भी उपस्थित रहे। किशोर ठाकुर ने कहा कि यह प्रशिक्षण न केवल बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा, बल्कि उन्हें सुरक्षित भविष्य की ओर प्रेरित भी करेगा।