Loading...

कार चालक ने पुलिसकर्मी को मारी टक्कर, पकड़ा तो बरामद हुई चरस

PARUL • 10 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी में किरतपुर-नेरचौक फोरलेन हाईवे पर कार को रुकने का इशारा करने पर चालक ने एक पुलिस कर्मी को टक्कर मार दी, जिससे पुलिस जवान घायल हो गया। भागने के चक्कर में कार चालक पुलिस जीप और बैरिकेड को टक्कर मारने के बाद वहां से निकल गया। इस दौरान कार का टायर फट गया। पुलिस ने करीब 200 मीटर दूर कार चालक को दबोच लिया।

जांच के दौरान कार चालक से 260 ग्राम चरस बरामद हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने किरतपुर-नेरचौक फोरलेन हाईवे पर पुंघ में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस ने कुल्लू की ओर से आई कार (HP 55C-2049) को जांच के लिए रुकने का इशारा किया।

लेकिन कार चालक मौके पर नहीं रुका। जब उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। इस दौरान अन्य पुलिस कर्मी तो बच गए, लेकिन एक कांस्टेबल कार की चपेट में आ गया। टक्कर में वह घायल हो गया। उसका नागरिक अस्पताल में उपचार जारी है।

वहीं आरोपी ऋत्विक ठाकुर (25) निवासी कश्मीर, तहसील नादौन जिला हमीरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।