कार सेवा दल संस्था ने डॉ. संतुष्ट शर्मा को किया सम्मानित
HNN/ कुल्लू
मकर संक्रान्ति के पावन अवसर पर कार सेवा दल संस्था द्वारा क्षेत्रीय अस्पताल में पिछले डेढ़ साल से सेवाएं दे रहे डॉ संतुष्ट शर्मा को हिप और नी रिप्लेसमेंट के सफल ऑपरेशन करने पर संस्था द्वारा सम्मानित किया गया। डॉ संतुष्ट शर्मा द्वारा एक वर्ष पहले बंदल खराहल घाटी से सम्बन्ध रखने वाले तेजा सिंह का हिप का ऑपरेशन किया गया था। तेजा सिंह इस से पहले अपनी इस समस्या को लेकर प्राइवेट अस्पताल में गए थे।
वहाँ पर उन्हे डॉक्टरों ने बताया कि उनका ऑपरेशन कुल्लू में नहीं हो पायेगा और उन्हे पीजीआई चंडीगढ़ जाना पड़ेगा। लेकिन मरीज के लिए पीजीआई जाना बहुत मुश्किल भरा लग रहा था। वह अपनी रिपोर्टस लेकर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचे और वहां कार्यरत डॉ संतुष्ट शर्मा से मिले। तेजा सिंह ने अपनी सारी समस्या डॉक्टर संतुष्ट शर्मा को बताई। डॉक्टर संतोष शर्मा ने उनकी पूरी बात ध्यान से सुन कर उनके जरूरी टेस्ट और एक्स-रे करवाए।
तत्पश्चात डॉक्टर द्वारा उन्हे बताया गया कि उनका ऑपरेशन क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में ही किया जायेगा। डॉक्टर द्वारा एडमिट करके तेजा सिंह के हिप का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के 15 दिन के बाद जब वह स्वस्थ होने लगे तब डिस्चार्ज किया। डॉक्टर का कहना है कि पहले इन ऑपरेशनो के लिए मरीजों को कुल्लू से बाहर दूसरे राज्यों में इलाज के लिए जाना पड़ता था, जिसमें काफी भारी भरकम खर्चा उठाना पड़ता था।
अब ऐसी बड़ी-बड़ी सर्जरी भी क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में की जा रही है। एक वर्ष बाद तेजा सिंह अब बिल्कुल स्वस्थ है, और वह अब अपनी दोनों टांगों से अच्छे से चल फिर कर आज क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचे और कार सेवा दल संस्था द्वारा मरीज तेजा सिंह और डॉ संतुष्ट को सम्मानित किया गया।