HNN / नाहन
सिरमौर जिला के काला अंब उप तहसील, 5 पटवार सर्कल व माजरा सीएचसी को डिनोटिफाई कर प्रदेश की नई कांग्रेस सरकार व नव निर्वाचित नाहन विधायक ने क्षेत्र की जनता को तोहफा दिया है। यह बात नाहन में पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व विधायक डॉ राजीव बिंदल ने कही। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल के कार्यकाल के दौरान नाहन विधानसभा क्षेत्र को विकास के नए शिखर पर पहुंचाया था।
नव निर्वाचित विधायक से उन्होंने उम्मीद जताई कि वह पुराने कार्यों को सहेज कर विकास को नई गति प्रदान करेंगे। पटवार सर्कल उप तहसील व सीएचसी को डिनोटिफाइड करने पर उन्होंने खेद जताया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार को यह विकास कार्य गलत लगते हैं तो इस बारे में सरकार को अपना स्पष्टीकरण देना चाहिए।
चुनाव में मिली हार की ली जिम्मेदारी
पूर्व विधायक डॉ राजीव बिंदल ने अपनी हार के लिए किसी और को जिम्मेवार ना ठहराते हुए, स्वंय पर जिम्मेदारी ली। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने कंधे से कंधा मिलाकर उनके साथ कार्य किया है। छोटे कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के राज्य नेतृत्व का उन्हें भरपूर सहयोग मिला।
कांग्रेस विधायक को दी नसीहत
पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि शायद नाहन की जनता को उनके द्वारा किए गए कार्य पसंद नहीं आई। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि जनता द्वारा चुने गए नए विधायक उनसे बेहतर कार्य करेंगे। कांग्रेस की सरकार ने सत्ता संभालते ही भाजपा के शासनकाल में खोले गए कार्यालयों को डिनोटिफाइड कर तोहफ़ा दिया है।

