कालाअंब पुलिस का नशे पर प्रहार, 441 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ दो धरे
न्यायालय में पेश कर आरोपियों का पुलिस लेगी रिमांड, खुल सकते हैं बड़े राज
HNN/ नाहन
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो लोगों को 441 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ हिरासत में लिया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इनमें एक आरोपी हिमाचल का है, जबकि, दूसरा हरियाणा राज्य का है।
जानकारी के मुताबिक कालाअंब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ये कार्रवाई अमल में लाई। सूचना के मुताबिक पुलिस ने कालाअंब में तेजदत्त निवासी नलका संभालका की तलाशी ली, जिसके कब्जे से स्पास्मो प्रोक्सीवान प्लस के 24 कैप्सूल (तीन पत्ते) बरामद हुए। गहन पूछताछ के बाद आरोपी ने उस शख्स का नाम व पता बताया, जहां से वह प्रतिबंधित कैप्सूल लेकर पहुंचा था।
लिहाजा, पुलिस आरोपी को साथ लेकर मुख्य आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने चाय की दुकान चलाने वाले विनोद कुमार निवासी शिवालिक कालोनी कालाअंब (हरियाणा) की तलाशी ली और उसके कब्जे से 417 प्रतिबंधित कैप्सूल की खेप बरामद की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कालाअंब थाने में मामला दर्ज कर लिया है। आज दोनों को अदालत में पेश किया जाएगा।
मामले की पुष्टि एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है। बरहाल अब जहां सिरमौर पुलिस की नशे के सौदागरों में दहशत बैठ गई है तो वहीं नशे के कारोबार में जुड़े कनेक्शन को खंगालना भी सिरमौर पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी।
पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड की मांग करेगी। पुलिस रिमांड के बाद यह भी पता करने की पूरी कोशिश करेगी कि आखिर दवा फैक्ट्री में लगभग बनाने को लेकर प्रतिबंधित हो चुके यह नशे के कैप्सूल कहां से और किस लिए जा रहे हैं।