Loading...

काला अंब में ‘दड़ा-सट्टा’ खिलाने वाला गिरफ्तार, 1,020 रुपये बरामद

Shailesh Saini 17 Jul 2025 Edited 17 Jul 1 min read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

जिला सिरमौर में पुलिस द्वारा सटोरियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए अभियान के तहत, पुलिस थाना काला अंब की टीम ने बुधवार शाम एक व्यक्ति को ‘दड़ा-सट्टा’ खिलाते हुए गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से 1,020 रुपये की नकदी भी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सटोरियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मिली जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2025 को शाम करीब 08:30 बजे, पुलिस टीम मछली मार्केट त्रिलोकपुर रोड, काला अंब पर गश्त कर रही थी। उसी दौरान सड़क के दाहिनी ओर एक व्यक्ति ऊँची आवाज में लोगों को “1 रुपये के 90 रुपये ले जाओ” कहकर दड़ा-सट्टा लगाने के लिए प्रेरित कर रहा था। उसके पास कई लोग जमा थे।

पुलिस को आता देख मौके पर मौजूद लोग और सट्टा खिलाने वाला व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सट्टा खिलाने वाले व्यक्ति को मौके पर ही काबू कर लिया।

पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान सुनील कुमार पुत्र मोहन लाल, निवासी दुर्गा कॉलोनी, काला अंब, डा. हमीदपुर, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान, सुनील कुमार की जेब से 1,020 रुपये के करंसी नोट बरामद हुए। सुनील कुमार के विरुद्ध सरेआम सड़क पर दड़ा-सट्टा लगाने के आरोप में पुलिस थाना काला अंब में जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।

मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सटोरियों को दबोचने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।