काला आम्ब चैम्बर को नई टीम, दीपन गर्ग संभालेंगे कमान और सुरेंद्र जैन…
इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छता, स्किल डेवलपमेंट और उद्योगों की समस्याओं के समाधान पर फोकस
हिमाचल नाऊ न्यूज़ काला आम्ब
प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र काला आम्ब में उद्योग जगत को नई दिशा देने के लिए चैम्बर ऑफ कॉमर्स की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है।सर्वसम्मति से दीपन गर्ग को अध्यक्ष चुना गया, जिसके साथ ही नई टीम ने अपने विजन और प्राथमिकताएं भी साफ कर दी हैं।
नई कार्यकारिणी में सुरेन्द्र जैन को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रूपेन्द्र ठाकुर को महासचिव (संगठन) और अभिनव कंसल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनु अग्रवाल, अरविंद गुप्ता और संदीप गर्ग को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चैम्बर ने सेक्टर आधारित पैनल बनाकर काम को और प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की है।पावर सेक्टर की जिम्मेदारी पवन सैनी को दी गई है, जबकि इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए सुभाष तोमर और सुमित सोइन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
फार्मा और सीईटीपी के लिए अखिल माहेश्वरी और संजय सिंगला को शामिल किया गया है।इंडस्ट्री एवं पॉलिसी पैनल में कर्नल शैलेश पाठक और गौरव सोंधी को जिम्मेदारी दी गई है।
नवनियुक्त अध्यक्ष दीपन गर्ग ने कहा कि काला आम्ब को केवल औद्योगिक हब नहीं, बल्कि एक आधुनिक और सुव्यवस्थित इंडस्ट्रियल मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि उद्योगों को बेहतर सड़क, बिजली, पानी, ड्रेनेज और लॉजिस्टिक्स जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि उद्योगपतियों को आने वाली समस्याओं—जैसे बिजली कटौती, ट्रैफिक जाम, कच्चे माल की ढुलाई में दिक्कत, प्रदूषण मानकों से जुड़ी प्रक्रियाएं और प्रशासनिक देरी—को प्राथमिकता से उठाकर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी बराबर महत्व दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि काला आम्ब औद्योगिक क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
सफाई व्यवस्था, हरित पट्टी विकास और बेहतर कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि उद्योगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र का भी संतुलित विकास हो सके।सुरेन्द्र जैन ने कहा कि स्किल डेवलपमेंट को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं को उद्योगों में रोजगार के अधिक अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री और स्थानीय समाज के बीच बेहतर तालमेल बनाकर क्षेत्र में रोजगार, विकास और स्थायित्व को मजबूत किया जाएगा।नई कार्यकारिणी के गठन से उद्योग जगत में नई उम्मीद जगी है और काला आम्ब के समग्र विकास को लेकर सकारात्मक माहौल बनता नजर आ रहा है।