किन्नौर के भावानगर में 16.50 लाख से निर्मित मुख्य स्वागत द्वार का लोकार्पण
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर जिला की ग्राम पंचायत सुंगरा में 16 लाख 50 हजार रुपये की राशि से निर्मित भावानगर मुख्य स्वागत द्वार का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए।
रिकांग पिओ
उपेक्षित वर्गों का सुदृढ़ विकास
राजस्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उपेक्षित वर्गों के कल्याण और सतत विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सल कार्टन नीति, पुरानी पेंशन बहाली, उपेक्षित महिलाओं के खातों में 1500 रुपये, भूमि का मालिकाना हक, और गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम शिक्षा जैसे कदम सरकार की जनकल्याणकारी सोच को स्पष्ट दर्शाते हैं।

जनजातीय व दुर्गम क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य
जगत सिंह नेगी ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय और दुर्गम क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि किसानों और बागवानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से समावेशी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो सके।
ग्राम पंचायत सुंगरा के प्रधान राकेश कुमार नेगी ने मंत्री का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान, उप पुलिस अधीक्षक राज कुमार, तहसीलदार अरुण कुमार, उपाध्यक्ष पंचायत समिति हरीश नेगी सहित अनेक अधिकारी और कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।