किरतपुर -नेरचौक फोरलेन पर भीषण हादसा, कार पर गिरे पत्थर एक की मौत, तीन घायल
HNN/बिलासपुर
किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर टनल नंबर-2 थापना के पास एक भीषण हादसा हुआ। यहां पहाड़ी से चलती कार पर पत्थर गिर गए, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। हादसा देर रात को हुआ।जानकारी के अनुसार, पंजाब की ओर जा रही कार पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिर गए। हादसे के दौरान कार में चार लोग सवार थे।
इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को एम्स बिलासपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कल्याण धाकड़ (35) पुत्र बनवारी लाल धाकड़, निवासी छोरपुरा जिला मुरैना मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
घायलों की पहचान महेश धाकड़, सुदीप जादौन, सुनील धाकड़ निवासी छोरपुरा मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि स्वारघाट थाना पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।