Loading...

किरतपुर-मनाली फोरलेन का उद्घाटन 15 जून के बाद कभी भी सकते हैं पीएम- जयराम

Ankita • 22 May 2023 • 1 Min Read

HNN/ बिलासपुर

नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि 10343 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहे कीरतपुर मनाली फोरलेन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्धारा 15 जून के बाद किया जाएगा। इसका शुभारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया है।

इस फोरलेन का उद्घाटन तीन चरणों में होगा। जिसके तहत प्रधानमंत्री द्वारा कीरतपुर से नेरचौक तक के प्रथम चरण का सुंदरनगर बाइपास को छोड़कर, पंडोह से टकोली और टकोली से कुल्लू तक का उदघाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कीरतपुर मनाली फोरलेन लगभग तैयार हो गया है।

15 जून के बाद प्रधानमंत्री अपनी सुविधानुसार इसके लिए समय देंगे। इसके शुरू होने से प्रदेश में जहां पर्यटन को बढावा मिलेगा। वहीं, इससे मनाली से चंडीगढ़ की यात्रा लगभग पांच घंटे में पूरी हो जाएगी। कीरतपुर मनाली फोरलेन का निर्माण कार्य पांच चरणों में होगा। वह यहां पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि फोरलेन के शुरू होने के बाद नेरचौक से कीरतपुर की दूरी 37 किलोमीटर कम हो जाएगी। इससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में केंद्र सरकार द्वारा फोरलेन के प्रोजेक्टों पर 41 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।

कीरतपुर नेरचौक फोरलेन के शुरू होने के बाद प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। पंडोह से टकोली की पांच सुरंगों को ट्रायल के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि यह फोरलेन पहले बनकर तैयार हो जाना था लेकिन जिस कंपनी को इसका टेंडर दिया गया था। वह दिवालिया हो गई थी।

इस कारण केंद्र सरकार से इसके दोबारा टेंडर करवाने का आग्रह किया था। इस पर केंद्र ने इसके दोबारा से टेंडर करवाए। इस कारण इसके निर्माण में देरी हुई है। अपने पांच साल के शासनकाल में प्रदेश में पांच हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण हुआ है। प्रदेश में कुल 39 हजार किलोमीटर लंबी सड़कें हैं।

इनमें से 20 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत हुआ है। जिसका श्रेय पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी को जाता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस फोरलेन की केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इसकी स्वयं मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

वहीं, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के प्रयासों से ही यह प्रोजैक्ट सिरे चढ़ पाया है। इस अवसर पर नयनादेवी विधायक रणधीर शर्मा, झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल, सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल, सदर विधायक त्रिलोक जम्वाल व पूर्व मंत्री राजिंद्र गर्ग, जिला भाजपा स्वतंत्र सांख्यान सहित अन्य प्रमुख भाजपा नेता मौजूद रहे।