किसान आंदोलन के चलते हिमाचल से दिल्ली के लिए एचआरटीसी बस सेवा बंद
HNN/ शिमला
किसानों के आंदोलन को लेकर हिमाचल पथ परिवहन निगम बस सेवा प्रभावित हुई है। किसानों के आंदोलन को लेकर दिल्ली पुलिस ने दिल्ली की सीमाएं सील कर दी हैं। इसके चलते एचआरटीसी ने दिल्ली जाने वाली सभी बस सेवाओं को बंद कर दिया है।
एचआरटीसी अधिकारियों ने बताया कि किसान आंदोलन के कारण दिल्ली में प्रवेश की इजाजत नहीं दी जा रही है। यात्रियों को रास्ते में जाम एवं दिल्ली सीमाएं सील होने के कारण होने वाली असुविधा के चलते निगम अब दिल्ली जाने वाली सभी बस सेवाओं को चंडीगढ़ तक ही चलाएगा।
वहीं, दिल्ली से आने वाली बसों को दिल्ली में ही खड़ा कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब एवं चंडीगढ़ और हरियाणा राज्य की बसें भी चंडीगढ़ तक ही चलाई जा रही हैं। हरियाणा और दिल्ली पुलिस की मंजूरी मिलने पर ही अब एचआरटीसी दिल्ली के लिए बस सेवाएं संचालित करेगा।