Loading...

कुटलैहड़ क्षेत्र के चेक डैमों में डाले गए 70 हजार मछली बीज, मत्स्य पालन को मिलेगा बढ़ावा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Jun 2025 • 1 Min Read

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

बौल और समूरकला में किया गया मछली बीज संचयन, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मत्स्य पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को क्षेत्र के बौल और समूरकला में स्थित विभिन्न चेक डैमों में 70 हजार मछली बीज डाले गए।

विधायक विवेक शर्मा की अगुवाई में संचालित पहल, मत्स्य पालन को बताया लाभकारी व्यवसाय
इस कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक विवेक शर्मा ने किया, जबकि मत्स्य विभाग के निदेशक विवेक चंदेल के मार्गदर्शन में यह संचयन संपन्न हुआ। विधायक ने कहा कि मत्स्य पालन एक ऐसा व्यवसाय है, जो कम लागत में अधिक लाभ देता है और इससे न केवल युवाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी, बल्कि प्रदेश की आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप ग्रामीणों को जोड़ा जा रहा स्वरोजगार से
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लाभकारी गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे मछली पालन को अपनाकर आत्मनिर्भर बनें और समाज को पोषणयुक्त आहार भी उपलब्ध कराएं।

प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से होगा टिकाऊ विकास
उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश जल संसाधनों की दृष्टि से समृद्ध राज्य है और इनका सही उपयोग स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन को भी बनाए रखेगा।

विभागीय अधिकारी ने दी जानकारी, युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण और सहायता
इस अवसर पर मत्स्य विभाग ऊना के सहायक निदेशक विवेक शर्मा ने कहा कि निदेशक विवेक चंदेल के नेतृत्व में विभाग युवाओं को तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण और वित्तीय मदद प्रदान करने के लिए पूरी तरह से तैयार है, जिससे मछली पालन को और अधिक सशक्त किया जा सके।