कुल्लू में पेट्रोल-डीजल की कमी से वाहन चालक परेशान, 50 फीसदी पेट्रोल पंपों में तेल का स्टॉक खत्म
HNN/ कुल्लू
जिला कुल्लू में पेट्रोल-डीजल की काफी कमी हो रही है, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंडी और कुल्लू के बीच सड़कें पिछले तीन दिनों से बंद पड़ी हैं। ऐसे में पेट्रोल-डीजल के टैंकर कुल्लू नहीं पहुंच पाए हैं। इससे पेट्रोल-डीजल की किल्लत गहरा गई है। संभावना जताई जा रही है कि अगर दो दिन तक तेल के टैंकर कुल्लू नहीं पहुंचते हैं तो निजी बसों सहित अन्य वाहनों के पहिये थम सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक, बजौरा से मनाली तक चल रहे पेट्रोल पंपों में से 50 फीसदी में तेल का स्टॉक खत्म हो गया है। बता दें जिन पेट्रोल पंपों में तेल मिल रहा है, वहां स्कूटी वालों को दो लीटर और कार के लिए पांच लीटर पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। दो दिन पहले प्रशासन की ओर से अधिकतम सीमा निजी वाहनों के लिए 10 लीटर तय की गई थी।