कुल्लू में लारजी विद्युत परियोजना पुनः कार्यशील, दो वर्षों में बहाली कार्य पूरा
कुल्लू
कुल्लू: 126 मेगावाट क्षमता की लारजी परियोजना में सुरक्षा उपायों के साथ शुरू हुआ विद्युत उत्पादन
कुल्लू जिले में 126 मेगावाट क्षमता की लारजी जल विद्युत परियोजना को राज्य सरकार के ठोस प्रयासों के चलते पुनः कार्यशील किया गया है। यह परियोजना 9 और 10 जुलाई, 2023 को ब्यास नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इस परियोजना के पुनर्निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये की शुरुआती राशि स्वीकृत की। बाद में 35 करोड़ रुपये और 185.87 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि प्रदान की गई। परियोजना के तीनों यूनिट्स को क्रमशः 15 जनवरी 2024, 9 अगस्त 2024 और 17 जनवरी 2025 को पुनः चालू कर दिया गया।
भविष्य के लिए सुरक्षा उपाय
बाढ़ के कारण टरबाइन इकाइयों में जमा हुए मलबे को हटाने के बाद परियोजना को पुनः कार्यशील किया गया। इसके साथ ही, भविष्य में होने वाली आपदाओं से बचाव के लिए कई एहतियाती उपाय किए गए हैं। सर्ज शाफ्ट गेट और प्रवेश सुरंग पर मजबूत गेट लगाए गए हैं। पॉवर हाउस के प्रवेश द्वार पर रॉक-फॉल बैरियर और केबल जाल स्थापित किए गए हैं।