Loading...

कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचे विधायक अजय सोलंकी, चंदन का पौधा रोपकर दिया हरित भविष्य का संदेश

Shailesh Saini • 11 Hours Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन/धौलाकुआं,

नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र, सिरमौर धौलाकुआं का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया और किसानों के हित में किए जा रहे प्रशिक्षण, प्रसार एवं वैज्ञानिक सलाह से जुड़े कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

विधायक अजय सोलंकी ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में चंदन के पौधे का रोपण भी किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

दौरे के दौरान उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा जिले के किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक सलाह और नवीन कृषि पद्धतियां पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए वैज्ञानिक तकनीकों को खेतों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।

उन्होंने ऐसी गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।इस अवसर पर विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और कई जनसमस्याओं का मौके पर ही निवारण किया। कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से विधायक का स्वागत करते हुए उनके बहुमूल्य समय और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, सिरमौर के प्रभारी एवं पर्वतीय कृषि अनुसंधान एवं प्रसार केंद्र, धौलाकुआं के सह-निदेशक डॉ. पंकज मित्तल सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Topics: