केंद्र ने राहत दी, सुक्खू सरकार ने जेब पर डाला बोझ : मेलाराम शर्मा
पेट्रोल-डीजल पर केंद्र की कटौती से महंगाई थमेगी, हिमाचल सरकार टैक्स लगाकर जनता को कर रही परेशान
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन :
जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच जब दुनिया के कई देशों में तेल और गैस को लेकर अस्थिरता बनी हुई है, तब केंद्र की मोदी सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती कर देश की जनता को बड़ी राहत दी है। उन्होंने कहा कि यह फैसला आम आदमी को महंगाई की मार से बचाने वाला है।
मेलाराम शर्मा ने जिला भाजपा महासचिव रणबीर ठाकुर के साथ जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर 13 रुपये और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर उत्पाद शुल्क कम कर देशवासियों को राहत देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दामों में राहत मिलने से परिवहन खर्च, खाद्यान्न, निर्माण सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतें नियंत्रित रहेंगी, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे बड़ा असर गरीब, मध्यमवर्गीय और मेहनतकश परिवारों पर पड़ता है। ऐसे समय में केंद्र सरकार ने यह साबित किया है कि वह केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जनता को राहत देने वाले फैसले भी लेती है। उनके अनुसार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत का असर हर घर की रसोई से लेकर बाजार तक दिखाई देगा।
मेलाराम शर्मा ने कहा कि जहां एक ओर भाजपा की केंद्र सरकार पूरे देश को महंगाई से बचाने के लिए ठोस कदम उठा रही है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता की जेब पर लगातार बोझ डालने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आते ही प्रदेश सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 10.40 रुपये का अतिरिक्त टैक्स लगाया और अब फिर से 5 रुपये प्रति लीटर का और बोझ डालकर लोगों की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार ने जनता को राहत देने के बजाय महंगाई, टैक्स और आर्थिक अव्यवस्था का तोहफा दिया है। आज स्थिति यह है कि प्रदेश सरकार आर्थिक मोर्चे पर बुरी तरह घिर चुकी है, लेकिन अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए जनता पर ही आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
मेलाराम शर्मा ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश की सरकार ने राज्य को कर्ज के बोझ में डुबो दिया है। भारी-भरकम कर्ज लेने और केंद्र से आर्थिक सहायता मिलने के बावजूद प्रदेश में विकास के नाम पर कुछ ठोस नजर नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि जनता से वादे कुछ और किए गए थे, लेकिन हकीकत में सरकार की प्राथमिकताएं पूरी तरह बदल चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस सरकार को उसकी जनविरोधी नीतियों, टैक्स बोझ, आर्थिक कुप्रबंधन और विकासहीनता का जवाब देगी। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लगातार मजबूती से उठाती रहेगी और महंगाई व टैक्स के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद रखेगी।