केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा में जुटे अनुराग ठाकुर, कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिए सख्त निर्देश
सांसद अनुराग ठाकुर ने दिशा बैठक में केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिसंबर 2025 तक सभी स्वीकृत कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य, रेलवे, सड़क, कौशल विकास और अवैध खनन जैसे मुद्दों पर भी विशेष निर्देश दिए।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
सांसद निधि के सभी कार्य समय पर पूरे हों
अनुराग ठाकुर ने कहा कि सांसद निधि से स्वीकृत सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को मनरेगा के कन्वर्जेंस के जरिये लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि योजनाओं का धरातल पर प्रभाव दिखे।
पीजीआई सैटेलाइट सेंटर का निर्माण दिसंबर तक पूर्ण करें
सांसद ने मलाहत स्थित पीजीआई सैटेलाइट सेंटर के कार्य में देरी पर नाराज़गी जताते हुए इसे दिसंबर 2025 तक सभी सुविधाओं सहित पूरा करने को कहा। ओपीडी, आईपीडी सहित अन्य सभी आधुनिक सेवाएं तय समय में चालू होनी चाहिए।
ऊना रेलवे स्टेशन का हिमाचली संस्कृति के अनुरूप हो विकास
अनुराग ठाकुर ने रेलवे स्टेशन के सौंदर्यकरण को लेकर कहा कि इसे हिमाचली कला और संस्कृति से सुसज्जित किया जाए। स्टेशन की सुविधाओं, कैंटीन, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था को अगले 30 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकसित करने के निर्देश दिए।
फोरलेन परियोजनाओं की डीपीआर व्यावहारिक हो
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित फोरलेन परियोजनाओं की डीपीआर बनाते समय ज़मीनी वास्तविकताओं का ध्यान रखा जाए ताकि मुख्य बाज़ार प्रभावित न हों और सड़क डिज़ाइन दुर्घटना-रोधी हो।
बैंकिंग और कौशल विकास पर बल
उन्होंने लीड बैंक मैनेजर को ऐसे क्षेत्रों की सूची तैयार करने को कहा जहां 5 किमी दायरे में कोई बैंक शाखा नहीं है। साथ ही, बाजार की मांग के अनुसार कौशल विकास कोर्स शुरू करने और प्रशिक्षण केंद्रों को सक्रिय करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में रेफरल ट्रैकिंग सिस्टम विकसित करें
अनुराग ठाकुर ने मातृ-शिशु भवन के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने और रेफरल मरीजों की मॉनिटरिंग के लिए एक ट्रैकिंग सिस्टम तैयार करने को कहा।
अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
सांसद ने कहा कि अवैध खनन से राजस्व और संसाधनों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने ओवरलोड टिप्परों पर भारी जुर्माने और अवैध माल पर तीन-चार गुना जुर्माना लगाने को कहा।
प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन के निर्देश
उन्होंने औद्योगिक और पर्यटक स्थलों पर प्लास्टिक कचरे के निपटान के लिए कलेक्शन सेंटर स्थापित करने और तीन महीने के भीतर कार्य योजना बनाने को कहा।
केंद्रीय विद्यालय व जलभराव समाधान के निर्देश
सांसद ने अंब उपमंडल में नए खुले केंद्रीय विद्यालय के लिए भवन निर्माण और जलभराव से प्रभावित रेलवे अंडरपासों के स्थायी समाधान की बात कही।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा
उन्होंने बताया कि अब तक फेज 1 व 2 के तहत 190 कार्यों पर 311.28 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और फेज 3 में 30 नई सड़क एवं पुल परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
प्रवासी मजदूरों को मिले मूलभूत सुविधाएं
सांसद ने निजी भूमि पर किराए पर रह रहे प्रवासी मजदूरों को शौचालय जैसी सुविधाएं अनिवार्य रूप से मुहैया कराने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों के सुझाव और प्रशासन का आश्वासन
बैठक में विधायक सतपाल सत्ती, पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विकास से जुड़े सुझाव दिए। उपायुक्त जतिन लाल ने सभी कार्यों को समय पर पूरा करने का भरोसा दिलाया।